भरुआ सुमेरपुर। विदोखर पुरई गांव में बंडा मार्ग किनारे बुधवार देर शाम बकरियां चरा रहे तीन चरवाहों पर सियार ने अचानक हमला कर दिया। सियार के हमले में तीनों चरवाहे गंभीर रूप से घायल हो गए। चरवाहों की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने शोर मचाकर सियार को भगाया। घायलों को उपचार के लिए मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
विदोखर पुरई निवासी विष्णु निषाद (20), सुंदर कुशवाहा (35) और गोपाल निषाद (65) बुधवार को बंडा मार्ग किनारे शादीपुर मौजा में बकरियां चरा रहे थे। शाम को घर लौटने की तैयारी के दौरान खेतों में छिपे जंगली सियार ने अचानक तीनों पर हमला कर लहूलुहान कर दिया। चरवाहों का शोर सुनकर आसपास मौजूद किसान मौके पर पहुंचे और सियार को खदेड़ा। किसानों की भीड़ जुटने पर सियार धान के खेत में ओझल हो गया। अचानक हुई इस घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल है।