हमीरपुर /मुस्करा। युवक की हत्या कर शव खेत में फेंके जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में शामिल आरोपी के भाई व मां की तलाश की जा रही है।
थाना मुस्करा के उपरहका निवासी मूलचंद्र निषाद (48) का नौ मई को शव बरामद हुआ था। मृतक के पुत्र हरगोविंद ने 10 दिसंबर को मुकदमा दर्ज कराया था। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि उपरहका निवासी आरोपी कल्लू राजपूत ने पूछताछ में बताया कि करीब छह माह पूर्व मूलचंद्र को शराब पिलाने के बहाने खेत में ले गया था। कहा मूलचंद ने उसकी पत्नी के साथ छेड़खानी की थी। इसी के चलते उसने अपने भाई नारायण उर्फ नरेंद्र के साथ मिलकर डंडे से पीटकर उसे मार डाला। वहीं खेत में ही कुछ दूर पर उनकी मां सुशीला उर्फ जयदेवी मूंगफली उखाड़ रही थी, जब उसने देखा कि मूलचंद्र मर गया है तो तीनों ने लाश को खेत में छिपा दिया। घटना के दूसरे दिन वह भोगनीपुर ईंट भट्ठे पर चला गया। पुलिस को बताया कि करीब 15 दिन बाद शव से बदबू आने पर भाई नारायण उर्फ नरेंद्र ने जानकारी दी। तब शव को अपने खेत से निकालकर बोरे में भरकर जंगल में गड्डा खोदकर दबा दिया, लेकिन जंगली जानवरों के खोदने पर ग्रामीणों को पता चल गया। एएसपी ने बताया आरोेपी कल्लू को विरमा नदी के पास से पकड़ लिया गया। उसके कब्जे से तमंचा, फावड़ा, डंडा बरामद किया है।
बताया कि कल्लू पर गैंगस्टर, खनिज अधिनियम जैसे कई मामले दर्ज हैं। एएसपी ने बताया घटना का खुलासा करने पर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार व टीम को 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। वहीं हत्या में शामिल नारायण व उसकी मां सुशीला की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।