जंगल में खड़ी ट्रेन ,यात्री परेशन।
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर- चित्रकूटधाम इंटरसिटी एक्सप्रेस इंजन फेल होने से डेढ़ घंटे तक दपसौरा स्टेशन के पास जंगल में खड़ी रही। इससे परेशान यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। बाद में सुमेरपुर से मालगाड़ी का इंजन भेजकर इसे चित्रकूटधाम के लिए रवाना किया गया।
कानपुर से चित्रकूटधाम तक जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस 14110 कानपुर सेंट्रल से सुबह 10 बजे रवाना हुई। हमीरपुर रोड स्टेशन से भरुआसुमेरपुर के लिए 11:40 बजे चली। करीब तीन किमी आगे दपसौरा स्टेशन के पास इसका इंजन फेल हो गया और ट्रेन जंगल में खड़ी हो गई।
इस बीच भूख प्यास से बेहाल यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। ये देख चालक किसी तरह ट्रेन को धीरे-धीरे वापस हमीरपुर रोड स्टेशन तक ले गया। भरुआसुमेरपुर स्टेशन से मालगाड़ी का इंजन भेजकर ट्रेन को चित्रकूट रवाना किया गया। दोपहर 1:34 बजे ट्रेन सुमेरपुर आ सकी।