= जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को 689 मरीजों ने कराया उपचार
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। दिवाली पर आतिशबाजी से खराब हुई हवा की गुणवत्ता ने सांस के मरीजों की परेशानी बढ़ा दी है। इधर त्योहार पर मिठाई और अनियमित खानपान ने लोगों के पाचन तंत्र पर असर डाला है। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 689 मरीजों में से 50 फीसदी इन्हीं समस्याओं से पीड़ित आए।
जिला अस्पताल की ओपीडी में बृहस्पतिवार को कुल 689 मरीजों ने पंजीकरण कराया। इनमें 319 पुरुष, 262 महिला और 108 बच्चे शामिल रहे। दिवाली की रात आतिशबाजी से वायु प्रदूषण तेजी से बढ़ा। हवा में पीएम 2.5 और पीएम 10 की मात्रा कई गुना बढ़ गई है। ये सूक्ष्म कण फेफड़ों में जाकर लोगों को बीमार कर रहे हैं। इससे दमा, ब्रोंकाइटिस और श्वसन संबंधी बीमारियां बढ़ी हैं। तला-भुना, मीठा और भारी खाना खाने से एसिडिटी, सूजन, उल्टी व दस्त जैसी परेशानियां भी बढ़ी हैं।
जनरल फिजीशियन डॉ. परमेंदर प्रजापति ने बताया कि बृहस्पतिवार को करीब 140 मरीज देखे हैं। इनमें 10 मरीज सांस से संबंधित और लगभग 30 मरीज पेट दर्द के आए हैं। उन्होंने कहा कि सुबह-शाम धुआं ज्यादा होने पर बाहर निकलने और खुले में व्यायाम से बचें। सांस के मरीज इनहेलर या निर्धारित दवा न छोड़ें और सांस फूलने पर अस्पताल पहुंचें।
भर्ती वार्ड में 10 पेट रोगी भर्ती
दिवाली पर ओपीडी दो दिनों तक आधे समय तक संचालित हुई। इस दौरान मरीज इलाज के लिए इमरजेंसी वार्ड पर निर्भर रहे। अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार बुधवार और बृहस्पतिवार को 10 पेट रोग के मरीज भर्ती किए गए। वहीं, सांस संबंधी बीमारियों के चार गंभीर मरीजों को भी भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है। बुखार के 22 और सीवियर एनीमिया के पांच मरीज भर्ती हैं।