सरीला। जिटकिरी के ग्रामीणों ने सड़क नहीं तो वोट नहीं का नारा देकर बैनर गांव के बाहर लगा दिया है।
राठ चंडौत मार्ग पर झबरा मोड़ से जिटकिरी व जमौड़ी गांव के लिए सड़क बनी थी। दशकों पहले बनी सड़क का अता पता नहीं है। बारिश के मौसम में तो इन गांवों का आवागमन ठप हो जाता है। ग्रामीण सड़क निर्माण के लिए कई बार प्रदर्शन भी कर चुके हैं। जिटकिरी के ग्रामीणों ने बुधवार को गांव से झबरा मोड़ तक नारेबाजी की। इसके बाद बैनर लगा दिया है। ओमप्रकाश, प्रधान राहुल, प्रताप, भवानीदीन सहित आधा सैकड़ा ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की वर्षों से मांग कर रहे हैं लेकिन नतीजा कुछ भी नहीं निकला। एसडीएम खालिद अंजुम का कहना है कि ग्रामीणों की समस्या के जल्द निस्तारण के प्रयास किए जाएंगे।