हमीरपुर। अगर आप बेरोजगार हैं और नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो आपके पास रोजगार हासिल करने का सुनहरा मौका है। इसके लिए 24 फरवरी को आपको स्व. पूरन राम प्रकाश दीक्षित निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गहरौली पहुंचना होगा। मेले में तीन कंपनियां आएंगी जिनमें साक्षात्कार के बाद 13 से लेकर 20 हजार तक की नौकरी पा सकते हैं।
सहायक जिला रोजगार सहायता अधिकारी ने बताया कि निदेशालय प्रशिक्षण एवं सेवायोजन के निर्देश पर 24 फरवरी को सुबह 10 बजे से स्व. पूरन राम प्रकाश दीक्षित निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गहरौली में एक दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेले में शामिल होेने के लिए अभ्यर्थियों को सर्वप्रथम सेवायोजन पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन कराना होगा। इसके बाद अभ्यर्थी अपना पंजीयन आईडी एवं पासवर्ड के आधार पर संबंधित कंपनी में सम्मिलित होने के लिए ऑनलाइन आवेदन करते हुए अपने समस्त शैक्षिक मूल प्रमाणपत्रों व फोटो सहित उक्त तिथि व समय पर मेले में प्रतिभाग करते हुए इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। किसी कारणवश ऑनलाइन न कर पाने की स्थिति में आप सीधे भी प्रतिभाग कर सकते हैं।