फोटो 28 एचएएमपी 09- ग्रामीणों से मुलाकात करने पहुंचीं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री। संवाद
सरीला (हमीरपुर)। विकास खंड परिसर में रविवार को अटल स्मृति सम्मेलन एवं एसआईआर कार्यशाला आयोजित हुई। मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि यदि देश के पहले प्रधानमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल होते तो न देश का बंटवारा होता और न नासूर रूपी पाकिस्तान का जन्म होता। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद जनादेश सरदार पटेल के पक्ष में था, लेकिन कांग्रेस ने वोट चोरी कर जवाहरलाल नेहरू को प्रधानमंत्री बना दिया।
साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि भाजपा सरकार में किसी के साथ भेदभाव नहीं है। सरकारी योजनाओं का लाभ सभी वर्गों को समान रूप से मिल रहा है। उन्होंने एसआईआर व घुसपैठ जैसे मुद्दों पर सजग रहने की आवश्यकता बताई। विशिष्ट अतिथि जालौन के पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन ने अटल बिहारी वाजपेयी की पंक्तियां हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा'' सुनाते हुए आजादी से आपातकाल तक के संघर्षों का जिक्र किया। सम्मेलन में अटल जी की कविताएं छाई रहीं।
कार्यक्रम को विधायक मनीषा अनुरागी व जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत ने भी संबोधित किया। जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद ने अटल जी की कविता सुनाकर आभार माना। अंत में मुख्य अतिथि सहित सभी को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। छह ग्राम प्रधानों को भाजपा का पट्टा पहनाकर सदस्यता दिलाई गई। संचालन जिला महामंत्री नरवेंद्र सिंह ने किया।
मौके पूर्व विधायक अम्बेश कुमारी, जिला उपाध्यक्ष किशन व्यास, पूर्व जिला महामंत्री केके त्रिवेदी, जिला महामंत्री उमाकांत सिंह राजपूत मौजूद रहे।