पनवाड़ी (महोबा)। कस्बा पनवाड़ी में बृहस्पतिवार की शाम युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट में उसने लिखा कि उसके माता-पिता और पत्नी को परेशान न किया जाए। वह खुद आत्महत्या कर रहा है। पुलिस घटना के कारणों व सुसाइड नोट की जांच कर रही है।
विज्ञापन
मोहल्ला जंटपुरा निवासी सत्यम उर्फ राजा (25) मोमोज और फिंगर की फास्ट फूड दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। शाम को नौगांव फदना रोड स्थित खेतों में एक पेड़ पर रस्सी से उसका शव लटका मिला। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पनवाड़ी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। तलाशी के दौरान मिले सुसाइड नोट में सत्यम ने अपने माता-पिता व पत्नी को परेशान नहीं करने की बात लिखी थी। अंत में उसने जय श्रीराम और जय हनुमान भी लिखा था।
पिता नवल किशोर ने बताया कि घर पर किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं हुआ। बेटे ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, यह समझ नहीं आ रहा है। घटना से पत्नी सौम्या और तीन साल की बेटी रो-रोकर बेहाल हैं। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।