राठ। जरिया थाने के सरीला में छात्रा की आत्महत्या मामले में मां ने अपने पति के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि शराब का लती पिता बेटी की पढ़ाई बंद कर मजदूरी कराना चाहता था। पिता के उत्पीड़न से आहत छात्रा ने आत्महत्या की थी।
जरिया थाने के सरीला कस्बे के मांझखोर मोहल्ला निवासी नीतू उपाध्याय ने बताया कि 28 मई को उनकी बेटी अनामिका (19) ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। बताया बेटी पढ़ने में तेज थीं और इंटर की परीक्षा अच्छे अंकों से पास की थी। वह आगे कुछ बनना चाहतीं थीं। नीतू ने बताया उनके पति श्याम जी उपाध्याय शराब के लती हैं। उनके गहने व घर का सामान बेच कर शराब पी गए।
विरोध करने पर उन्हें व बच्चों के साथ मारपीट कर घर से निकाल देता है। आरोप लगाया पति बेटी की पढ़ाई बंद कर मजदूरी कराना चाहता था। मायके से बेटी की पढ़ाई के लिए रुपये लातीं थीं वह भी छीन कर शराब पी लेता था। अनामिका की पढ़ाई पर पाबंदी लगा दी व यातनाएं देने लगा। पिता के इस व्यवहार से आहत होकर उनकी बेटी ने आत्महत्या की है।