कुरारा (हमीरपुर)। थानाक्षेत्र के शिवनी गांव में शार्ट सर्किट से घर में आग लग गई। जिसमें एक वृद्धा बुरी तरह से झुलस गई। परिजन उसे सीएचसी लाए, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव निवासी शिवप्यारी (75) पत्नी बैजनाथ बुधवार रात्रि अपने टिन शेड वाले घर में सो रही थी। तभी रात्रि करीब एक बजे शार्ट सर्किट होने से घर में आग लग गई। जिसने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। कमरे के अंदर बुजुर्ग महिला जो चलने में असमर्थ थी। वह आग की लपटों में झुलस गई।
आसपास के लोगों ने आग की लपटें देखकर आग बुझाने की कोशिश की और दमकल टीम को सूचना दी। दमकल ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया तब परिजन घायल महिला को सीएचसी लेकर आए। ड्यूटी में तैनात चिकित्सक डॉ. शरद विश्वकर्मा ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
हरौलीपुर चौकी इंचार्ज राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि महिला चलने में असमर्थ थी। मीटर के पास से शार्ट सर्किट होने पर मकान में आग लगी है। अधिशासी अभियंता विद्युत डीएन प्रसाद ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। (संवाद)