हमीरपुर। मुख्यालय में शादी करने आए अलग-अलग मजहब के प्रेमी युगल का हिंदू संगठनों ने विरोध किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट में अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई। पुलिस के अनुसार दोनों बालिग है और युवती के परिजन भी शादी के लिए राजी है। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। जालौन जनपद के कदौरा थानांतर्गत बागी गांव निवासी आरिफ खां पुत्र असगर ने बताया कि बीते दो वर्ष पूर्व वह डेरापुर स्थित ईट भट्टा में काम करता था। जहां पर उसकी मुलाकात मुख्यालय निवासी एक दूसरे समुदाय की युवती से हुई और दोनों के बीच बाचतीत के साथ प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। गुरुवार को वह युवती के बुलाने पर कलेक्ट्रेट शादी करने पहुंचा। जिसकी भनक बजरंग सेना के जिलाध्यक्ष बउवा ठाकुर को लग गई। जिस पर वह अपने पदाधिकारियों के साथ वहां पहुंचे वहीं विश्व हिंदू परिषद के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने इसका विरोध किया। वहीं युवती की मां ने बताया कि बेटी की जिद से हारकर वह यह शादी करवाना चाह रहे थे। लेकिन हिंदू संगठन के लोगों ने उन्हें समझाया। सूचना पर पहुंचे सदर कोतवाली के एसआइ अरविंद पाल प्रेमी युगल समेत परिजनों को कोतवाली ले गए। एसआइ अरविंद पाल ने बताया कि दोनों लोग बालिग हैं और परिजन भी शादी को राजी है। कोतवाल दुर्गविजय सिंह का कहना है कि युवती के परिजनों ने कोई तहरीर नहीं मिली है। दोनों पक्ष यहां से चलेे गए हैं।