काटे जाने के बाद जमीन पर गिरे हुए खैर के पेड़
- फोटो : amarujala
कुरारा (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र के डामर गांव में मंगलवार की सुबह खेत पर बबलू पेड़ों की छंटाई करते समय किसान की हार्टअटैक से मौत हो गई।वह खेती बारी में हुए नुकसान से तनाव में रहते थे। इसी तनाव में दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर कुरारा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बताया जाता है कि वह रोडवेज में संविदा चालक भी थे।
डामर गांव निवासी भूरा (35) पुत्र शिवराम कुशवाहा हमीरपुर रोडवेज डिपो में संविदा में चालक थे। वह खेती किसानी भी करते थे। उनके तीन बीघे खेत गांव के निकट हैं जिसमें बोरिंग कराई थी लेकिन भूजलस्तर नीचे जाने से उसकी बोरिंग फेल हो गई। ड्यूटी से आने के बाद वह अपने खेत में काम करने में जुट जाते थे। मंगलवार को वह खेत में मेड़ किनारे खड़े बबूल के पेड़ों की काट छांट कर रहे थे। पिता शिवराम ने बताया कि उनके सीने में दर्द उठा तो प्राथमिक स्कूल में जाकर पानी पिया।
इसी के साथ वहीं गिर गए। इस पर परिजन उनको जिला अस्पताल लाए लेकिन तभी उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मौत के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है। मृतक के पिता ने कुरारा पुलिस को इस घटना की सूचना दी। इस पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाने के एसआई रविंद्र कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उन्होंने पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की जानकारी होगी।