राठ। मानसिक बीमारी से परेशान महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। कोतवाली क्षेत्र के सरसई गांव निवासी लाखन सिंह राजपूत ने बताया कि उनके नाम पर करीब दस बीघा कृषि भूमि है। जिस पर खेती करने के साथ ही अपने छोटे पुत्र सत्यम के साथ ई-रिक्शा चलाते हैं।
इटायल मौजा स्थित अपने खेत पर फार्म हाउस बनाकर पत्नी शिवकुमारी, पुत्र सौरभ व सत्यम के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि पत्नी शिवकुमारी (45) बीते कुछ वर्षों से बीमार थी। जिनका झांसी में इलाज कराया जा रहा था। गुरुवार शाम सूना घर पाकर शिवकुमारी ने धन्नी में रस्सी का फंदा बनाकर झूल गई। पुत्र सत्यम के घर पहुंचने पर जानकारी हुई। लाखन सिंह ने बताया कि मानसिक बीमारी के चलते चार दिन पहले शिवकुमारी ने बिजली का तार छूकर तथा कुछ समय पहले कुएं में कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। कोतवाल केके पांडेय ने कहा कि महिला ने आत्महत्या की है। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।