राठ (हमीरपुर)। सीएचसी मेटरनिटी विंग के बाहर ताला लटका और गर्भवती महिलाओं को तड़पता देख सीएमओ नाराज हुए। उन्होंने अव्यवस्थाओं पर सीएचसी अधीक्षक को तलब किया है। पीड़ित और तीमारदाराें को भरोसा दिलाया कि जल्द ही सेवाएं बहाल की जाएंगी।
सीएचसी में सभी सुविधाओं से युक्त तीस बेड का मेटरनिटी विंग बना है। जहां पर प्रतिदिन करीब आधा दर्जन से अधिक प्रसव कराए जाते हैं। मगर इधर एक पखवारे पूर्व सीएचसी अधीक्षक डा. आरके कटियार ने प्रसव केंद्र को पड़ाव चौराहा स्थित नगरीय स्वास्थ्य केंद्र में स्थानांतरित कर दिया था। दलील दी थी कि दो दिन में मेटरनिटी विंग को सेनेटाइज कराने के बाद प्रसव केंद्र खोल दिया जाएगा। मगर शुक्रवार को विंग में ताला डाल दिया गया।
वहीं जानकारी के अभाव में महिलाएं सीएचसी पहुंच रहीं हैं। मेटरनिटी विंग में ताला पड़ा होने की जानकारी पर सीएमओ डा. आरके सचान ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रसूति केंद्र में ताला लटका मिला।
प्रसव के लिए आईं पठानपुरा की शांतिदेवी पत्नी धीरेंद्र व भैंसांय की ललती पत्नी रामनरेश दर्द से तड़पती मिलीं। जिस पर सीएमओ नाराज हुए और अधीक्षक को तलब कर किया। मगर वह नदारद मिले। सीएमओ ने कहा मामले की जांच की जाएगी। जल्द ही सीएचसी की स्वास्थ्य सेवाएं बहाल की जाएंगी।