कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी 19 सितंबर को चिकासी गांव से जिले की सीमा में प्रवेश करेंगे और राठ में बीएनवी इंटर कालेज मैदान में खाट सभा करेंगे। वहीं जिला मुख्यालय में रात्रि विश्राम कर 20 को कुरारा में स्वागत कार्यक्रम के बाद जालौन रवाना होंगे।
राहुल गांधी का जिले में दौरे का विस्तृत कार्यक्रम आया है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के तहत वह जनपद जालौन से चलकर चिकासी गांव में 19 सितंबर को अपराह्न लगभग 2:55 बजे प्रवेश करेंगे।
यहां स्वागत के बाद वह 3:55 बजे राठ पहुंचेंगे। वह ब्रह्मानंद डिग्री कालेज में स्वामी ब्रह्मानंद की समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। 4:20 बजे बीएनवी इंटर कालेज के खेल मैदान में खाट सभा को संबोधित करेंगे। खाट सभा के बाद वह 5:20 बजे राठ में अंबेडकर चौराहा में पहुंचकर डा.भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा में माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद उनका काफिला बिवांर के लिए रवाना होगा। वह शाम 6:20 बजे बिवांर आएंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ता स्वागत करेंगे।
राहुल गांधी का काफिला कम्हरिया मार्ग होते हुए मौदहा कस्बे के बड़ा चौराहे से हाइवे किनारे मकरांव गांव स्थित स्वर्गीय सुंदरलाल शिवहरे डिग्री कालेज में शाम 7:25 बजे पहुंचेगा जहां वह नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद उनका काफिला सुमेरपुर रात आठ बजे पहुंचेगा। यहां पार्टीजन उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद 8:35 बजे वह मुख्यालय में लक्ष्मीबाई तिराहे में वीरांगना महारानी लक्ष्मी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद लोनिवि विभाग के विश्राम गृह में 8:45 बजे पहुंचेगे। रात्रि विश्राम के बाद 20 सितंबर को राहुल गांधी अपनी यात्रा शुरू करेंगे।
सुबह 11 बजे वह रहुंनियां धर्मशाला के सामने स्थित शहीद पार्क में शहीदों की प्रतिमाओं में माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। 11:30 बजे राहुल गांधी का काफिला जनपद के अंतिम पड़ाव कुरारा कस्बे में पहुंचेगा। यहां पार्टी कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसी के बाद काफिला जनपद जालौन के कदौरा ए रवाना हो जाएगा।