हमीरपुर-भरुआसुमेरपुर। शहर में तड़के बारिश शुरू होते ही कल्पवृक्ष के निकट हाईटेंशन लाइन में फाल्ट हो गई। इसको लेकर सुबह लोगों को पीने के पानी के संकट से जूझना पड़ा। उधर, बुधवार रात 33 केवी लाइन में फाल्ट आने से सुमेरपुर सबस्टेशन द्वितीय व विदोखर सबस्टेशन ठप हो गए। जिससे 15 गांवों में अंधेरा छाया रहा।
कस्बे के 132 केवी पावर हाउस से चंद्रपुरवा गेट स्थित सुमेरपुर सबस्टेशन द्वितीय व विदोखर सबस्टेशन को 33 केवी लाइन गई है। बुधवार रात खराब मौसम के चलते फाल्ट आने से रात करीब तीन बजे आपूर्ति ठप हो गई। गुरुवार को बारिश के बीच कर्मी कड़ी मशक्कत के बाद फाल्ट ढूंढने में सफल रहे और दुरुस्त कर लाइन चालू करवाई। लेकिन 15 मिनट बाद ही फिर लाइन जवाब दे गई। जिससे गुरुवार की रात भी इन सब स्टेशनों से जुड़े चंद्रपुरवा, इटरा, इंगोहटा, विदोखर पुरई, विदोखर मेंदनी सहित अन्य गांवों में अंधेरा ही रहेगा।
अवर अभियंता रविंद्र कुमार साहू ने बताया कि फाल्ट ढूंढ कर ठीक किया गया और कुछ देर लाइन चालू भी रही। लेकिन फिर कहीं फाल्ट होने से लाइन बाधित हो गई है।