भरुआसुमेरपुर। आईएसआई का मास्टर बताकर फर्जी फेसबुक आईडी से एक युवक गाली गलौज कर अश्लील वीडियो आदि सामग्री भेजकर थानाक्षेत्र के एक गांव के परिवार को परेशान कर रखा है। तंग आकर पीड़ित परिवार ने मुकदमा दर्ज कराया है।
पचखुरा महान के निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीराम प्रजापति के पुत्र सत्येंद्र कुमार प्रजापति ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि रघुवीर प्रजापति के नाम से बनी आईडी में किसी तरह का पता नहीं है। इस आईडी से उसे तथा उसके बड़े भाई व भाभी को आए दिन गालियां दी जाती हैं। सभी को फेसबुक में अश्लील वीडियो भी पोस्ट किए जाते हैं। फेसबुक में चैटिंग करने पर उक्त शख्स अपने को आईएसआई का मास्टर (शिक्षक) बताता है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीराम प्रजापति के छोटे पुत्र सत्येंद्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अभियोग दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मामला गंभीर है। जल्दी ही फर्जी आईडी से फेसबुक चलाकर परिवार को तंग करने वाले को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।