गोहांड (हमीरपुर)। विकासखंड क्षेत्र के कोटेदारों द्वारा की गई घटतौली की शिकायत पर निरीक्षण को पहुंचे पूर्ति निरीक्षक को कोटेदारों का आक्रोश झेलना पड़ा। कोटेदारों ने अपनी मांगों को लेकर पूर्ति निरीक्षक का घेराव कर जमकर भड़ास निकाली। वहीं कोटेदारों द्वारा राशन उठान में अधिकारियों द्वारा अनियमितताओं की शिकायत जिला पंचायत अध्यक्ष से की है।
बीते मंगलवार को कोटेदारों ने राशन के उठान के समय स्टोर प्रभारी द्वारा की जा रही घटतौली को लेकर जमकर हंगामा किया था। वहीं विभागीय कांटे से राशन लेने से मना कर दिया था। इसी समस्या के निस्तारण एवं स्टाक निरीक्षण के मकसद से पूर्ति निरीक्षक गौरव कुमार मंडी पहुंचे। पूर्ति निरीक्षक के आने की भनक पाते ही एक दर्जन से अधिक कोटेदार स्टोर पर आ धमके और लंबे अरसे से चल रही घटतौली की भरपाई व बोरी के वजन के एवज में अतिरिक्त राशन देने की मांग की। पूर्ति निरीक्षक द्वारा उक्त मांगों को गंभीरता से न लेने पर कोटेदारों द्वारा पूर्ति निरीक्षक का घेराव कर हंगामा शुरू कर दिया।
पूर्ति निरीक्षक गौरव कुमार ने बताया कि मांगे उनके स्तर की न होकर उच्च अधिकारियों के स्तर की हैं। उन्होंने उनकी मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने की बात कहकर कोटेदारों को शांत कराया। वहीं कोटेदारों ने अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत को देकर समस्याओं के समाधान की मांग की।