हमीरपुर। पुराने विवाद में दो लोगों ने मजदूर के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि उनकी जेब में पड़े 49 हजार रुपये भी छीन लिए।
थाना व गांव चिकासी निवासी समीम खां ने बताया कि मंगलवार को वह खरीदारी करने कस्बे के बाजार गए थे। उनके साथ भैंसांय गांव निवासी उनके रिश्तेदार लक्खू भी थे। रास्ते में पठानपुरा गायत्री नगर निवासी दो परिचित मिले। आरोप लगाया कि उक्त दोनों ने गाली गलौज कर मारपीट कर दी। पीड़ित ने बताया कि तीन साल पूर्व आरोपियों के साथ ईंट भट्टों में काम किया था। जहां हुए मामूली विवाद में आरोपी उनसे रंजिश मान रहे हैं। घटना की सूचना उन्होंने यूपी 112 पुलिस को भी दी। बताया कि शाम करीब सात बजे वह शौच के लिए जा रहे थे। तभी रास्ते में मिले आरोपियों ने उनके साथ दोबारा मारपीट की। बताया कि खरीददारी के लिए जेब में पड़े 49 हजार रुपये भी आरोपियों ने छीन लिए। कोतवाल राजेश चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि किसी ने कोतवाली में तहरीर नहीं दी है। (संवाद)