हमीरपुर। महिला जज से छेड़खानी व यौन उत्पीड़न के आरोपी वकील मो. हारुन को पुलिस ने रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उसे अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं आरोपी की बार एसोसिएशन से सदस्यता भी खत्म कर दी गई।
जिले में तैनात महिला जज ने शनिवार को सदर कोतवाली में वकील के खिलाफ छेड़खानी व यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था। सदर कोतवाल दुर्ग विजय सिंह ने बताया कि शहर के मोहल्ला सैय्यदबाडा निवासी आरोपी वकील मो. हारुन को देर रात लक्ष्मीबाई तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया था। आरोपी वकील से जेल जाने से पहले एक साथी ने मुलाकात की थी। आरोपी ने कहा कि उसने कुछ गलत नहीं किया है। इसके अलावा सोमवार को जिला बार एसोसिएशन की बैठक में मो. हारुन की सदस्यता समाप्त करने के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से सहमति दे दी गई।