बार-बार केबिन में बुलाकर पकड़ते थे हाथ
यूपी के हमीरपुर स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में तैनात महिला कर्मचारी का आरोप है कि संबंधित एक्सईएन उसे बार-बार फोन कर अपने केबिन में बुलाते थे। इस दौरान वह उसका हाथ पकड़ते और अश्लील बातें करते थे। महिला के मुताबिक, अधिकारी हाथ की रेखाओं का हवाला देकर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी करते थे। इतना ही नहीं, उस पर घर आकर चाय पीने का दबाव भी बना रहे थे।
घटना का वीडियो वायरल
तंग आकर शुक्रवार को महिला कर्मचारी कार्यालय पहुंची और इसी बात को लेकर एक्सईएन से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि महिला ने अधिकारी पर थप्पड़ों की बरसात कर दी। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर महिला को शांत कराया और वहां से बाहर ले गए। इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत
घटना के बाद महिला ने सदर कोतवाली पहुंचकर एक्सईएन के खिलाफ शिकायत दी है। वहीं, विभाग के अधीक्षण अभियंता ने भी महिला कर्मचारी के साथ अभद्रता के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा है। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
आरोप निराधार, काम समय से पूरा करने को कहा था
आरोपी एक्सईएन ने बताया कि उनकी जिले में कुछ ही दिन पहले तैनाती हुई है। उन्होंने महिला कर्मचारी से केवल काम समय से पूरा करने के लिए कहा था। उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। हालांकि, महिला द्वारा लगाए गए इस तरह के आरोपों पर एक पुरुष अधिकारी कुछ भी बोलने में असमर्थ हो जाता है।
मामला संज्ञान में आया है, महिला कर्मी संग अभद्रता करने का आरोप है। इस मामले में संबंधित एक्सईएन के खिलाफ कार्रवाई करने को लेकर उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है। - ज्ञान चंद्र यादव, अधीक्षण अभियंता, बिजली।
महिला कर्मी की शिकायत मिली है, जांच की जा रही उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - विनोद कुमार, कोतवाली प्रभारी