बच्चों के विवाद में छोटे वर्मा की हत्या
बिंवार थाना क्षेत्र के कमलेश का पुरवा, ऊपरी गांव में 19 अक्टूबर की रात बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर छोटे वर्मा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। हमले में उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही बिवार थाना पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
प्राथमिकी दर्ज करने की चल रही प्रक्रिया
पुलिस के उच्चाधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक के अनुसार, शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित पक्ष से शिकायत प्राप्त कर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
इटैलिया बाजा में युवक की गोली मारकर हत्या
जरिया थाना क्षेत्र के इटैलिया बाजा गांव में सोमवार रात करीब 8:30 बजे संजय उर्फ संजू की गोली लगने से मौत हो गई। वह गांव के पास स्थित मंख्यौ दाऊ देवी मंदिर में मुंडन संस्कार के आयोजन में शामिल होने गया था। मंदिर से गांव लौटते समय रास्ते में उसे गोली मार दी गई। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ ले गए।
शराब पार्टी के दौरान चखने को लेकर हुआ था विवाद
यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शराब पार्टी के दौरान चखने को लेकर विवाद हुआ था। क्षेत्राधिकारी सरीला शाहरुख खान के मुताबिक, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मामले में जांच और विधिक कार्रवाई जारी है।
फल विक्रेता की मौत के मामले में सिर में मिली थी गोली
कालपी चौराहे पर फल का ठेला लगाने वाले राजकुमार निषाद उर्फ राजू की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गोली लगने की पुष्टि हुई थी। उनकी मौत के बाद परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर कालपी चौराहे पर शव रखकर जाम लगाया था। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की तीन टीमें लगाई गई हैं।