हमीरपुर। स्टेडियम हमीरपुर की टीम ने आशीष नेहरा क्रिकेट एकेडमी राठ को छह विकेट से हराकर फाइनल मैच जीत लिया। विजेता व उपविजेता टीम को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर जिला स्तरीय जूनियर (अंडर-19) वर्ग की क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच शुक्रवार को राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेला गया। इसका उद्घाटन नगर अध्यक्ष कुलदीप निषाद व कुरारा ब्लॉक प्रमुख आशीष पालीवाल ने द्वारा किया गया।
जिला स्तरीय जूनियर वर्ग की क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच आशीष नेहरा क्रिकेट एकेडमी राठ व हमीरपुर स्टेडियम ए टीम के मध्य खेला गया। राठ टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में ऑल आउट होकर 81 रन बनाए। हमीरपुर टीम के गेंदबाज आलोक तिवारी ने तीन विकेट, सिद्धार्थ निषाद ने तीन विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हमीरपुर टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में चार विकेट खोकर मैच जीत लिया।
बल्लेबाज शीबू पाल ने 33 व अनूप गौतम ने 19 रन एवं आलोक तिवारी ने 15 रनों का विशेष योगदान कर टीम को जीत दिलाई। हमीरपुर टीम ने छह विकेट से राठ टीम को हराकर फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया। विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर जिला क्रीड़ाधिकारी बृजेश कुमार सोनी, शुभम वर्मा, जीतेंद्र सिंह यादव, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, शैलेंद्र कुमार आदि प्रशिक्षक मौजूद रहे।