पौथिया (हमीरपुर)। ललपुरा थानाक्षेत्र के उजनेड़ी गांव निवासी मंजरी देवी ने अपने घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण गायब होने पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला पिछले तीन वर्षों से चित्रकूट में रह रही है। करीब चार महीने बाद घर लौटने पर उन्हें चोरी का पता चला।
मंजरी देवी ने पुलिस को बताया कि वह 17 अक्तूबर को गांव लौटीं। वह बीच-बीच में गांव आती-जाती रहती है। बीती 11 जून को वह बहू, छोटी बहन और बच्चों के साथ घर आई थी। 15 जून को चित्रकूट जाने से पहले उन्होंने जेवरात के डिब्बे अलमारी में रखकर ताला लगा दिया था। उनके जाने के बाद घर पर उनकी मां अकेली रहती थीं। इस दौरान उनके देवर की बेटी जया और कुछ रिश्तेदार भी घर में रुके थे।
23 अक्तूबर को घर की सफाई करते समय अलमारी के पास चारपाई के नीचे एक खाली डिब्बा मिला। पास में टूटी और साबुत चूड़ी भी पड़ी थी। अलमारी खोलने पर उसमें रखे आभूषणों के डिब्बे खाली मिले। दो सोने के हार, बेंदी, नथ, दो बड़ी झुमकियां और एक जोड़ी पायल गायब थी। थानाध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।