हमीरपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों को कूड़ा कचरा मुक्त बनाने के लिए जिले के छह गांवों में आरआरसी सेंटरों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। इनको अब जल्द ही शुरू कराया जाएगा। वहीं 26 गांवों में सेंटर निर्माण का कार्य जारी है। जिन्हें एक पखवाड़े के अंदर पूरा करने का दावा विभाग कर रहा है। वहीं शासन ने 146 सेंटरों के निर्माण के लिए करीब 16 करोड़ रुपये की धनराशि और जारी कर दी है। जिनके तैयार होने से इन गांवों में कूड़ा निस्तारण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
स्वच्छ भारत मिशन फेज-2 में जिले के 178 गांवों का चयन किया गया था। जिसमें चयनित गांवों में कूड़ा निस्तारण के साथ अन्य कार्यों के लिए करोड़ों रुपया का बजट शासन ने जारी किया है। वही इन चयनित गांवों में आठ से दस लाख की लागत से एकीकृत ठोस कचरा प्रबंधन केंद्र (आरआरसी सेंटर) का निर्माण शुरू कराया गया है। जिसमें जिले के छह गांवों बसवारी, मुस्करा, बेरी, अरतरा, टेढ़ा व भेड़ीडांडा में एकीकृत ठोस प्रबंधन केंद्रों का काम पूर्ण हो चुका है। जहां कूड़ा निस्तारण का भी काम शुरू कराया जा चुका है। जबकि 26 प्रबंधन केंद्रों में निमार्ण कार्य शुरू है। जिनके लिए शासन ने करीब नौ करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर चुका है। जिसे विभाग आगामी पांच सितंबर तक पूरा किए जाने का दावा कर रहा है। जबकि 146 प्रबंधन केंद्रों के लिए शासन ने करीब 16 करोड़ रुपये की धनराशि और अवमुक्त कर दी है। जो सभी ग्राम पंचायतों को भेजी जा चुकी है। जिन्हें डेढ़ माह में कंपलीट करने का दावा किया जा रहा है। इन केंद्रों के संचालित होते ही इन गांवों में कूड़ा निस्तारण का कार्य शुरू कराया जाएगा।