मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में 72 फरियादियों ने शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें से चार शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हो सका।
वहीं सीएमओ, परियोजना निदेशक डीआरडीए, डीपीआरओ, परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण के तहसील दिवस में नदारद रहने पर डीएम ने उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर अन्य शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
मंगलवार सुबह घने कोहरे के बीच फरियादी शिकायतें लेकर नगर पालिका स्थित रैन बसेरा हॉल में आयोजित तहसील दिवस में पहुंचे। जिलाधिकारी संध्या तिवारी, पुलिस अधीक्षक बीके शेखर व सीडीओ अवधेश बहादुर सिंह ने उनकी शिकायतें सुनीं।
इस दौरान अधिकांश किसानों ने सहकारी समितियों से खाद न दिए जाने की शिकायत की। सुमेरपुर विकासखंड के पचखुरा महान निवासी अमर सिंह फौजी आदि ने तहसील दिवस में डीएम को बताया कि गांव के पचखुरा सुरौली जाने वाला मार्ग पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है।
जर्जर मार्ग के कारण उन्हें परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की। सर्वाधिक शिकायतें राजस्व, कृषि, पुलिस से संबंधित रहीं। वहीं डिप्टी सीएमओ डा. रामऔतार के दो घंटे देरी से पहुंचने पर डीएम ने उन्हें लौट दिया। तहसील दिवस में एसडीएम प्रवीणा, क्षेत्राधिकारी बीएन राय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।