जलालपुर थानाक्षेत्र के बंगरा गांव के किसान ने ट्रैक्टर का ऋण अदा नहीं
किया। इस मामले में चार साल पूर्व एसबीआई शाखा प्रबंधक व एजेंट ने बैंक में
ट्रैक्टर खड़ा करा लिया और फिर जालसाजी कर बेच दिया। तहसील दिवस में
किसान द्वारा की गई शिकायत की जांच के बाद शाखा प्रबंधक व एजेंट के खिलाफ
जलालपुर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
बगरा गांव के किसान
भगवानदास ने 2006 में अपनी जमीन बंधक रखकर ट्रैक्टर खरीदने के लिए 3.60 लाख
का कर्ज स्टेट बैंक बंाधुर से लिया था।
भगवानदास का आरोप है कि 45 हजार
रुपये जमा करने के बाद वह किसी कारणवश ऋण नहीं चुका पाया तो जनवरी 2011 में
स्टेट बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक व इंडो फार्म ट्रैक्टर एजेंसी राठ के
एजेंट सुशील कुमार भदौरिया निवासी औरैया ने बताया कि सरकार ने किसानों के
ऋण माफ कर दिए है।
वह अपना ट्रैक्टर बैंक में खड़ा कर दे जो रकम नीलामी से
आएगी। उसे उसके ऋण के खाते में जमा करके बाकी का ऋण सरकार की योजना से माफ
करा देंगे। दोनों की बातों के झांसे में आकर उसने ट्रैक्टर बैंक में खड़ा
कर दिया। लेकिन आज तक न उसे कोई जमा की रसीद दी गई और न कर्ज चुकता हुआ।
भगवानदास ने एजेंट व शाखा प्रबंधक पर जालसाजी से ट्रैक्टर बेच देने की
शिकायत तहसील दिवस में भी की थी। थानाध्यक्ष जलालपुर दलवीर सिंह ने बताया
कि तहसील दिवस की शिकायत पर तत्कालीन स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक व एजेंट
के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।