हमीरपुर/ मौदहा। पैगंबर मोहम्मद साहब का जन्मदिन उत्साह के साथ मनाया गया। जिले भर में जुलूसे मोहम्मदी निकाले गए। जगह-जगह जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया गया। स्टाल लगाकर शर्बत व मिठाई भी बांटी गई।
शहर के सूफीगंज इमाम चौक से जुलूस की शुरुआत हुई। किंग रोड, विद्या मंदिर रोड, सुभाष बाजार, खालेपुरा, रहुनियां धर्मशाला, अमन शहीद होते हुए जुलूस इमाम चौक मैदान पहुंचा। जुलूस में शामिल लोग नारे तकबीर, अल्लाह-हो-अकबर, सबसे अच्छा नबी हमारा, आंखों का तारा नबी हमारा जैसे नारे लगाते दिखे। कल्लू दीक्षित, शकील अहमद ने दीक्षित तिराहे पर जुलूस का स्वागत किया।
मौदहा संवाद के अनुसार जामा मस्जिद के पास से शुरू होकर जुलूस मुख्य सड़कों से होकर वहीं पहुंचा। फातिहा और सलातो सलाम के साथ समापनप हुआ। मदरसों के बच्चों और मौलाना द्वारा नातपाक पढ़ा गया। गोहांड
संवाद के अनुसार ईद ए मिलाद उन- नबी का जुलूस बड़े हर्ष उल्लास के साथ निकाला गया। जुलूस पुरानी मस्जिद से शुरू होकर पूरे नगर में भ्रमण किया। जुलूस में नगर अध्यक्ष अनीता राजपूत सहित कई लोगों ने जुलूस की जल पान की व्यवस्था की।
राठ में इस्लाम धर्म के पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब के यौमे पैदाइश ईद-ए-मिलाद-उन-नबी पर शहर में विशाल जुलूस निकाला गया। हाथों में चांद सितारे बने झंडे लहराते सैकड़ों अकीदतमंद जुलूस में चल रहे थे। जुलूस में शामिल लोग सिर पर हरी पगड़ी, हाथों में हरे झंडे लिये गगनभेदी नारे लगाते हुए चल रहे थे। घोड़े पर सवार नन्हें बच्चे जुलूस का विशेष आकर्षण रहे। एसडीएम विपिन कुमार शिवहरे, सीओ पीके सिंह, कोतवाल संजय कुमार सिंह भारी पुलिस बल व पीएससी के साथ मुस्तैद रहे। (संवाद)
भरुआ सुमेरपुर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में अपराह्न बाद मुहम्मदिया जुलूस गाजे बाजे के साथ धूमधाम के साथ निकाला गया।कस्बे में इमिलिया थोक से उठा जुलूस ईदगाह पहुंचा। यहां से सभी ने एक साथ जुलूस को आगे बढ़ाया और हाईवे से गुजर कर बस स्टॉप, बांदा मार्ग, देवगांव चौराहा, विंध्यवासिनी मार्ग से गुजरकर ईदगाह में आकर संपन्न हुआ। इसी तरह इंगोहटा, मुंडेरा, बिदोखर, पत्योरा, नंदेहरा, पलरा आदि गांवों में यौमे पैदायश धूमधाम के साथ मनाया गया। एसडीएम सदर पवन प्रकाश पाठक,सीओ सदर राजेश कमल, थानाध्यक्ष रामआसरे सरोज, क्राइम इंस्पेक्टर रामकुमार यादव समेत अन्य रहे।