गोहांड (हमीरपुर)। विकास खंड के पवई गांव में ग्रामीण पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। नमामि गंगे की पाइप लाइन कई इलाकों में सूखी पड़ी है। वहीं 21 में से 10 हैंडपंप भी खराब पड़े हैं।पवई गांव के रणजीत, संकेत, कल्लू, हरीशचंद्र, बीरपाल, भूपेंद्र राजपूत आदि ने बताया कि पांच हजार की आबादी वाला उनका गांव पेयजल की समस्या से जूझ रहा है। नमामि गंगे परियोजना से पाइप लाइन बिछाईं गईं हैं। कई मोहल्लों में पाइप लाइनों में पानी ही नहीं आता है। गांव में 21 हैंडपंप लगे हैं। उनमें से 10 खराब पड़े हैं। बाकी हैंडपंपों पर पानी भरने के लिए भीड़ रहती है। महिलाएं घर का काम छोड़कर हैंडपंपों पर अपनी बारी का इंतजार करतीं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि हैंडपंप खराब होने की जानकारी मिली है। मंगलवार को सचिव को गांव भेजकर खराब हैंडपंप सही कराए जाएंगे।
पेयजल समस्या पर वायरल हो रहे वीडियो
पेयजल समस्या से जूझ रहे पवई गांव के ग्रामीणों व बच्चों ने वीडियो और फोटो बनाकर वायरल कर दिया। इसमें छोटे बच्चों व बुजुर्गों द्वारा खराब हैंडपंपों को चलाते हुए दिखाया गया है। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। वीडियो पर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारियों को दोषी ठहराते हुए ग्रामीणों की समस्या का जल्द निस्तारण किए जाने की मांग कर रहे हैं।