संवाद न्यूज एजेंसी
कुरारा(हमीरपुर)। थानाक्षेत्र के उमराहट गांव के मजरे में सिपाही को बंधक बनाकर मरणासन्न करने के मामले में सोमवार को पुलिस ने चार महिलाओं सहित पांच आरोपियों को और गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। हालांकि पुलिस अभी तक लूटी गई पिस्टल बरामद नहीं कर सकी है। अब तक 17 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
बताते चलें कि बीते मंगलवार को गांव जांच करने पहुंचे सिपाही को ग्रामीणों ने बंधक बनाकर मारपीट की थी। मारपीट में सिपाही को गंभीर चोंटे आईं थी। मौजूदा में उसका इलाज कानपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है। हरौलीपुर पुलिस चौकी इंचार्ज की तहरीर पर पुलिस ने 19 नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट, जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा डालना, बलवा सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। अब तक पुलिस 12 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, सोमवार को मुखबिर की सूचना पर उमराहट गांव निवासी आरोपी महिला श्यामकली, वंदना व रमाकांत सहित सिमरा निवासी पुष्पा व कानपुर नगर के सजेती थानाक्षेत्र के हरदौली निवासी उर्मिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से सिपाही को बांधने वाली रस्सी को बरामद किया है। लेकिन, पुलिस अभी तक उपनिरीक्षक से छीना गया पिस्टल बरामद नहीं कर सकी है। अभी भी दो नामजद व अज्ञात आरोपी पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस की लगातार चहल कदमी से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।