मौदहा (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के पिपरौंदा गांव में मंगलवार रात दो पक्षों की रंजिश में खूनी संघर्ष हो गया। देवी पंडाल के पास फायरिंग से भजन सुन रहे श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। मारपीट में दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति घायल हुआ है। एएसपी अरविंद कुमार, सीओ राजकुमार पांडेय, कोतवाल संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की।
पिपरौंदा गांव निवासी बरदानी अनुरागी और गांव के राजू प्रजापति के बीच रंजिश बताई जा रही है। मंगलवार रात बरदानी अपने बेटों और ग्रामीणों के साथ गांव के देवी पंडाल में भजन कीर्तन सुन रहे थे। उन्होंने बताया कि राजू प्रजापति, सलमान समेत आधा दर्जन से अधिक लोग उनके दरवाजे पर पहुंचे और फायरिंग करने लगे। गोलियों की आवाज सुनते ही पंडाल में मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंचे बरदानी ने अपने बेटों व ग्रामीणों की मदद से सलमान को पकड़ लिया।
आरोप है कि उसे बंधक बनाकर जमकर पिटाई की। मारपीट में बरदानी भी घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि अन्य लोग फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से बरदानी को रेफर कर दिया गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फायरिंग व मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायती पत्र दिया है।
चार दिन में दूसरी बार गोलीकांड
कोतवाली क्षेत्र में चार दिन के भीतर गोलीकांड की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। त्योहार के दौरान देवी पंडाल में हुई फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और गांव में पुलिस बल तैनात किया। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।