फोटो 24 एचएएमपी 07- मकान में आग लगने से घर का सामान जलकर राख। संवाद
मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे के सिंचाई विभाग ब्लॉक के पीछे एक मकान में बुधवार सुबह आग लग गई। जानवरों के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए और मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। इस दाैरान आग से 12 बकरियां और एक झुलस गई।
मोहल्ले निवासी बरदानी व बिजुआ ने बताया कि सुबह चार बजे मकान से धुआं और आग की तेज लपटें उठ थी। इसकी सूचना तत्काल मकान मालिक और फायर ब्रिगेड को दी गई। मोहल्ले के लोगों ने स्थानीय स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन आग तेजी से फैलती रही। सूचना के करीब 20 मिनट बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर के अंदर बंधी करीब 12 बकरियां और एक गाय आग की चपेट में आकर झुलस गईं।
मकान मालिक अरविंद कुमार ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है लेकिन भूसा, लकड़ी, कंडे सहित अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। बताया कि आग से उन्हें एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की जानकारी मिलने पर लेखपाल अवनीश कुमार ने नुकसान का आकलन किया।