मौदहा। कोतवाली क्षेत्र के करहिया गांव में 27 वर्षीय छात्रा ने घर के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी। शव फंदे से लटका मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। करहिया निवासी संध्या सोनी सोमवार को घर में अकेली थी। कुछ देर बाद परिजनों ने उसे कमरे में फंदे से लटका देखा, जिसके बाद चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। परिजनों की तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। संवाद
अनियंत्रित बाइक पिकअप से टकराई, चालक को पीटा
मुस्करा। गहरौली तिराहे के आगे सोमवार शाम एक बाइक अनियंत्रित होकर पिकअप से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया। घटना के बाद उसके परिचितों ने पिकअप चालक को पीट दिया, जिससे कुछ देर के लिए सड़क पर अफरातफरी की स्थिति बन गई।
पुरैनी, थाना जलालपुर निवासी राजकुमार (22) पुत्र गणेश अहिरवार ने बताया कि वह शाम करीब छह बजे बाइक से बसवारी स्थित अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था। इसी दौरान गहरौली तिराहे के आगे उसकी बाइक असंतुलित होकर सड़क किनारे चल रही पिकअप से टकरा गई, जिससे वह घायल हो गया।थाना उपनिरीक्षक सुदेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना की कोई सूचना नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद