बिवांर। थाना क्षेत्र के कुन्हेटा चौकी अंतर्गत लदार गांव में पुलिस की कार्रवाई के डर से युवक ने कमरे के रोशनदान में गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह दरवाजा न खुलने पर परिजनों ने देखा तो शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
लदार गांव निवासी गोपाली उर्फ सीताराम (42) पुत्र मूरत सिंह अविवाहित था और अपने भाई के साथ रहता था। भाई राजेश ने बताया कि सोमवार रात सीताराम ने शराब के नशे में हंगामा किया था। इस पर उसने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस आने की भनक लगने पर सीताराम कमरे में चला गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
इसके बाद मंगलवार सुबह काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर कमरे में देखा तो रोशनदान में गमछे के फंदे से शव लटका दिखा। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चौकी इंचार्ज रविंद्र कुमार ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक अविवाहित था और अपने भाई के साथ रहता था।