राठ। आठ दिन पहले ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटने से घायल हुए किसान की शनिवार सुबह कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं सात लोग घायल हुए थे।
उरई मार्ग पर अमगांव मोड़ के पास 25 अक्तूबर की देर शाम अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राॅली पलट गई थी। इस घटना में चिकासी थाने के बरौली गांव निवासी सुरेश कुशवाहा (40) व भइयालाल कुशवाहा (55) की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं ट्रैक्टर चालक शंकर राजपूत (40), चंद्रभूषण (52), नरेंद्र यादव (40), विपिन राजपूत (21), मिथुन (20), नीरज राजपूत (36) व रोहित (25) घायल हुए थे। घायल विपिन व नीरज राजपूत को सीएचसी से उरई रेफर किया गया। नीरज राजपूत को उरई से कानपुर रेफर किया गया था।
बडे़ भाई अनिल राजपूत ने बताया कि शनिवार सुबह कानपुर में इलाज के दौरान भाई की मौत हो गई। भाई के नाम पर आठ बीघा कृषि भूमि है। वह खेती कर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। नीरज की मौत पर मां रामसखी, पत्नी धर्मवती, बेटा टिंकू, बेटी श्रष्टि का रो रोकर बुरा हाल है।