नहरों की सफाई के नाम पर विभाग महज खानापूरी कर रहा है। सहुरापुर पंप कैनाल से जुड़ी पौथिया नहर की भी सफाई नहीं हुई। पानी न मिलने से परेशान किसानों ने चंदा करके नहर की सफाई शुरू की है।
सहुरापुर पंप कैनाल की पौथिया माइनर में लघु डाल नहर विभाग ने महज चार किमी नहर की सफाई कराई। गांव के किसान कर्णवीर, नंगू, बृजेश आदि ने बताया कि नहर के बीच बनी पुलियों की सफाई न होने से किसानों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा था।
नहर को चले करीब दो सप्ताह बीतने के बाद सभी ने चंदाकर नहर की सफाई कराई, तो नहर का संचालन विभाग ने बंद कर दिया। किसान स्वप्निल, दयाशंकर ने बताया कि किराये पर इंजन लगा और खासी मेहनत के बाद भी वह खेतों में पलेवा नहीं कर सके हैं।
उन्होंने कहा कि एक तो विभाग मात्र एक मोटर चला कर पानी दे रहा है। टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। मजबूरी में वह लोग चंदा कर नहर की सफाई कराने को मजबूर हैं। लघुडाल नहर विभाग के जेई मुकेश वर्मा ने बताया कि नहरों की सफाई विभाग द्वारा कराई गई है। किसानों को पलेवा के लिए पानी दिया जाएगा।