मौदहा (हमीरपुर) कोतवाली क्षेत्र के पढोहरी गांव में बुधवार देर रात पास में रखा पंखा सीने पर गिरने से एक युवक करंट की चपेट में आकर झुलस गया। परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पढोहरी गांव निवासी चंद्रभान ने बताया कि बुधवार रात करीब एक बजे कमरे में सो रहा भतीजा योगेंद्र सिंह (22) लघुशंका के लिए उठा। इसी दौरान पास में रखा फर्राटा पंखा हाथ लगने से उसके ऊपर गिर गया। पंखे में करंट उतरने से योगेंद्र उसकी चपेट में आकर झुलस गया। जानकारी होने पर परिजन ने पंखा अलग किया और उसे लेकर सीएचसी पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। योगेंद्र तीन भाइयों व तीन बहनों में सबसे छोटे थे। पिता करन सिंह खेती करते हैं। वह खेती में हाथ बंटाता था। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।