मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप
जरिया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की
संवाद न्यूज एजेंसी
सरीला। शादी का भरोसा देकर करीब दो साल तक शारीरिक संबंध बनाने के बाद युवक के शादी से मुकरने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने युवक पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर जरिया थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
जरिया थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दिल्ली में रहकर एक निजी कंपनी में काम करती है। दिल्ली से राठ आते समय उसकी मुलाकात सरीला के हटवारा मोहल्ला निवासी आकाश अहिरवार से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। आकाश ने उसे शादी का भरोसा देकर सरीला स्थित अपने घर बुलाया और शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद दिल्ली में भी उससे मिलता रहा। आरोप है कि करीब दो साल तक युवक शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब भी उसने शादी करने के लिए कहा तो वह टालमटोल करता रहा। बताया कि 12 जून को आकाश सरीला आया। यहां उसने अपने दोस्तों संग गाली-गलौज की और शादी करने से इन्कार कर दिया। विरोध करने पर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। पीड़िता ने युवक के परिजनों से भी शिकायत की, लेकिन बात नहीं बनी। बाद में युवक की शादी दूसरी जगह तय होने की जानकारी मिली। जरिया थाना प्रभारी मनोज पांडेय ने बताया कि युवती की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।