गहरौली (हमीरपुर)। इमलिया और हुसैना गांव की सड़क कट जाने से गहरौली का इनसे संपर्क टूट गया है। रोडवेज की दिल्ली जाने वाली बस सेवा भी चार दिन से ठप है।
मार्ग बंद होने से महिलाएं रक्षाबंधन पर मिलने वाली निशुल्क बस सेवा का लाभ नहीं ले सकीं। पिछले दिनों हुई बारिश ने लोक निर्माण विभाग की भ्रष्टाचार की पोल खोल कर रख दी। पिछले जून में विभाग ने इमलिया से गहरौली होते हुए मुस्करा 15 किमी सड़क की मरम्मत और डामरीकरण कार्य कराया था।
अगस्त के पहले सप्ताह में हुई तेज बरसात के चलते यहां की मुख्य मुस्करा से गहरौली- इमलिया सड़क काशी कुइया के पास दोनों साइड से खोखली होकर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए।
इसके अलावा गहरौली से हुसैना संपर्क मार्ग में भी 12-13 बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से पूरी सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। मुख्य सड़क इमलिया में कटाव होने से महोबा डिपो की दिल्ली जाने वाली बस सेवा 15 अगस्त से बंद है।
मुख्यमंत्री द्वारा रक्षाबंधन के दिन रोडवेज बसों में महिलाओं के लिए फ्री यात्रा की घोषणा की गई। इसका लाभ क्षेत्र की महिलाओं को नहीं मिल सका। अवर अभियंता रमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सड़क के मरम्मत का कार्य दोबारा शीघ्र कराया जाएगा।