हमीरपुर। स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले कनेक्शन उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। बिजली निगम ने उपभोक्ताओं की शिकायत पर नियमों में छूट दी है। अब स्मार्ट प्रीपेड मीटर का बैलेंस खत्म होने पर हैप्पी ऑवर (रात नौ से सुबह के 10 बजे तक) और रविवार, महीने के दूसरे शनिवार और सार्वजनिक अवकाश वाले दिन बिजली नहीं कटेगी। यह जानकारी बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता ने दी है।
जिले के दो लाख 15 हजार 240 बिजली उपभोक्ताओं के सापेक्ष बिजली निगम ने अब तक 37,400 उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए हैं। इनमें हमीरपुर डिवीजन में 26,900 और राठ डिवीजन में 10,500 स्मार्ट मीटर लगाए हैं। इनमें 27,700 स्मार्ट मीटर प्रीपेड हो गए हैं।
नई व्यवस्था के तहत रिचार्ज बैलेंस कम होने पर एसएमएस अलर्ट भी मिलते हैं। निगेटिव बैलेंस होने पर विद्युत विच्छेदन के बाद दो घंटे में आपूर्ति बहाल हो जाती है। इसके लिए बिजली घर के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। उपभोक्ता यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप या वेबसाइट www.uppcl.org से तुरंत रिचार्ज कर सकते हैं।
रिचार्ज पर मिलेगी दो फीसदी तक की छूट
स्मार्ट प्रीपेड मीटर ऑनलाइन रिचार्ज करने पर उपभोक्ताओं को दो फीसदी तक की छूट मिलेगी। छूट की राशि स्मार्ट प्रीपेड मीटर के बैलेंस में जुड़ेगा। ताकि उपभोक्ता उतने रुपये की बिजली इस्तेमाल कर सकें।
निगम की नई व्यवस्था का अब तक सकारात्मक परिणाम दिख रहा है। स्मार्ट प्रीपेड मीटर से पुराने बकाए की जल्द से जल्द वसूली हो सकेगी। बिजली निगम किसी भी हाल में बैलेंस खत्म होने के बाद भी अवकाश की तिथि और हैप्पी आवर में बिजली नहीं काटेगा।
- ज्ञानचंद्र यादव, अधीक्षण अभियंता, दक्षिणांचल विद्युत।