गहरौली। रविवार सुबह आंधी में गांव में कई पेड़ और दो बिजली के खंभे टूट गए। जिससे पोल पर रखा ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गया। दूसरे मोहल्ले में रखा एक ढाई सौ किलोवाट का ट्रांसफार्मर भी खराब हो गया। जिसके चलते पूरे गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रविवार सुबह आई आंधी से गांव के नवीन पीएचसी के सामने बिजली के तारों पर एक पेड़ गिर गया।
जिससे दो पोल टूट गए और रखा ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं दूसरी तरफ गांव के गढ़ा मोहल्ले में डॉ. सत्य प्रकाश राजपूत के मकान के सामने लगा ढाई सौ केवीए का ट्रांसफार्मर अचानक खराब हो गया। जिससे पूरे गांव की बिजली ठप हो गई है। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी संबंधित लाइनमैन और उपखंड अधिकारी राठ को दी है। उपखंड अधिकारी एसपी मिश्रा ने बताया जानकारी है। पोल लगाने व ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए कह दिया गया है। (संवाद)