हमीरपुर। जाली नोटों का चलन बंद नहीं हो रहा है। अब तो बैंकों से भी जाली नोट निकल रहे हैं। इसका संज्ञान लेकर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) कानपुर के प्रबंधक ने सदर कोतवाली में मामला दर्ज कराया है।
इसमें कहा गया है कि रिजर्व बैंक में अन्य बैंकों की मुद्रा तिजोरी से प्राप्त धनराशि में जाली नोट अधिक संख्या में पाए जा रहे हैं। अब तक 100 रुपये के आठ जाली नोट मिले हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रिजर्व बैंक कानपुर के प्रबंधक आईपीएस गहलौत ने आठ नवंबर 2023 को प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराते हुए एसपी हमीरपुर को बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक में अन्य बैंकों की मुद्रा तिजोरी शाखाओं से प्राप्त धनराशि में जाली नोट अधिक संख्या में पाए जा रहे हैं।
जिन बैंकों की शाखाओं की मुद्रा तिजोरी में जाली नोट पाए जाते हैं। उनके खिलाफ प्राथमिकी सूचना दर्ज कराना आरबीआई की जिम्मेदारी बनती है। कहा कि उन्हें संबंधित बैंक शाखा किस पुलिस थाने के अंतर्गत आती हैं। इसके निर्धारण में कठिनाई होती है।
प्रबंधक ने एसपी से संलग्न प्रथम सूचना रिपोर्ट व जाली नोट संबंधित थानों को भेजकर रिपोर्ट दर्ज करने के लिए मांग की थी। कोतवाल अनूप सिंह ने बताया कि अज्ञात के नाम जाली नोट का मामला दर्ज किया गया है। बताया कि एसबीआई शाखा हमीरपुर की मुद्रा तिजोरी से 100 रुपये के आठ जाली नोट मिले हैं। जिसकी जांच की जा रही है।