हमीरपुर। कोरोना संक्रमण के बीच बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी ने परीक्षाएं संपन्न कराने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए गाइड लाइन भी जारी कर दी गई है। सामान्य से अधिक शारीरिक तापमान वाले परीक्षार्थियों को अलग कमरे में बैठाया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर साबुन, पानी, सैनिटाइजर के साथ थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था रहेगी।
एक सितंबर से बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में बीए, एमए, बीएसएसी, एमएससी सहित सभी फैकल्टी की अंतिम वर्ष की परीक्षाएं होनी हैं। सुरक्षा के लिहाज से बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव ने नौ सूत्री गाइड लाइन जारी की है। जिस पर सभी केंद्रों को सख्ती से अमल करने की हिदायत दी गई है। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की गाइड लाइन को लेकर कुछेछा स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डा. सत्येंद्र सिंह ने बताया परीक्षा कक्षों में सामाजिक दूरी के साथ सीटिंग प्लान किया जाएगा।
परीक्षा केंद्र में साबुन, पानी, सैनिटाइजर के साथ ही थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की जाएगी। सभी कर्मचारियों, परीक्षार्थियों को मास्क पहनना अनिवार्य होगा। शिक्षक व कर्मचारी आवश्यकता पड़ने पर ग्लब्स का भी प्रयोग करेंगे। परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व सभी शिक्षकों, कर्मचारियों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई जाएगी। थर्मल स्क्रीनिंग के दौरान यदि किसी शिक्षक, कर्मचारी का तापमान सामान्य 98.5 से अधिक पाया जाता है तो उसकी ड्यूटी परीक्षा में नहीं लगाई जाएगी। परीक्षार्थी का तापमान अधिक होने पर उसे अलग कक्ष में बैठाया जाएगा।