हमीरपुर। सवारियां ले जा रहा एक ई-रिक्शा टेढ़ा मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। उसमें बैठे चालक समेत तीन सवारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक घायल की हालत बिगड़ने पर कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया। यात्रियों ने बताया कि चालक ई-रिक्शा का हैंडल छोड़कर गुटखा खाने लगा, तभी हादसा हो गया।
बांदा जिले के जसपुरा थानाक्षेत्र के गांव बहुडंडी निवासी ब्रह्मा (30) रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। भरुआ सुमेरपुर कस्बे में रविवार सुबह एक ई-रिक्शा से गांव जाने के लिए सवार हुए। ई-रिक्शा जैसे ही जसपुरा सड़क टेढ़ा मोड़ के पास पहुंचा। चालक ई-रिक्शा का हैंडल छोड़कर गुटखा खाने लगा। इससे ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर खंदक में जाकर पलट गया। हादसे में सदर थानाक्षेत्र के केशरिया डेरा निवासी ई-रिक्शा चालक किशोरीलाल (55), सुमेरपुर के टेढ़ा गांव निवासी श्यामबाबू (50) घायल हो गए। राहगीरों ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायल ब्रह्मा की हालत गंभीर होने पर कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया।