क्षेत्र पंचायत बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों के न आने पर बीडीसी सदस्यों ने जमकर हंगामा काटा। स्वच्छता अभियान के तहत गांवों को ओडीएफ कराए जाने एवं पेयजल व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त कराए जाने का मुद्दा छाया रहा। इसके अलावा परिषदीय विद्यालयों के परिसर में इंटर लॉकिंग व आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय निर्माण के साथ खराब हैंडपंपों को ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
विकासखंड के सभागार में क्षेत्र पंचायत की बैठक में खंड विकास अधिकारी गजेंद्र सिंह ने कहा कि गर्मी को देखते हुए प्रधान खराब पड़े हैंडपंपाें की युद्ध स्तर पर मरम्मत कराएं। रिबोर कराए जाने वाले हैंडपंपाें की सूची दो दिन के अंदर उपलब्ध कराएं। एडीओ सत्यप्रकाश गुप्ता ने स्वच्छता अभियान पर जोर दिया। प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों से कहा कि गांवों में खुले मैदान में शौचक्रिया करने वालों को जागरूक करें। बताया कि प्रथम श्रेणी दर्जा प्राप्त करने वाले गांव को विशेष योजनाएं दी जाएंगी।
अध्यक्षता कर रहे ब्लाक प्रमुख अनुपम मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्य ग्राम प्रधानों से सामंजस्य बनाकर विकास कराएं। परिषदीय विद्यालयों के परिसरों में इंटरलॉकिंग, स्वच्छ शौचालय व पेयजल व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त कराने पर बल दिया। प्रमुख रूप से बीडीसी सदस्य शाहजहां बेगम, अवधेश त्रिपाठी, अजय राजपूत, ग्राम प्रधान मनप्यारे, दयाराम यादव, जोगेंद्र द्विवेदी, राजेश विश्वकर्मा सहित अन्य क्षेत्र पंचायत सदस्य व प्रधान मौजूद रहे।