हमीरपुर। कोतवाली क्षेत्र के शीतलपुर निवासी लवकुश (19) का भारतीय नेवी में चयन हुआ है। वह अपने छोटे भाई प्रांशु (14) के साथ घर से निकले। शुक्रवार को दोनों हमीरपुर बस स्टैंड से किदवई नगर डिपो की बस में कानपुर जाने के लिए बैठे। इसी दौरान बस स्टैंड पर भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष राधा चौरसिया से उनकी मुलाकात हुई।
लवकुश ने बताया कि उन्होंने राधा चौरसिया से घर आने की बात कही और बस परिचालक नंदनी से दो मिनट बस रोकने का अनुरोध किया। आरोप है कि इस पर महिला परिचालक नाराज हो गईं और आपत्तिजनक शब्द कहने लगीं। इस पर छोटे भाई प्रांशु ने विरोध जताया, जिससे विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में कंडक्टर ने नाबालिग प्रांशु को दो-तीन थप्पड़ मार दिए। घटना के बाद बस स्टैंड पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
सदर कोतवाल पवन पटेल ने बताया कि फिलहाल किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।