जिलाधिकारी संख्या तिवारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। इसमें अधिकारियों से कहा कि कार्यों में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मनरेगा कार्यों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। वहीं कई विभागों में विकास को आई धनराशि डंप रहने पर नाराजगी जताई।
बैठक में डीएम ने हमीरपुर राठ मार्ग सहित अन्य मार्गों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। बुंदेलखंड पैकेज की समीक्षा के दौरान कृषि विभाग में10 लाख, भूमि संरक्षण में 2 करोड़ 70 लाख की धनराशि लंबित रहने पर जिलाधिकारी ने भूमि संरक्षण अधिकारी से जानकारी ली।
उनके जवाब से असंतुष्ट डीएम ने नाराजगी जता स्पष्टीकरण मांगा है। लघु सिंचाई विभाग में 1.25 करोड़ पाइप यंत्र क्रय करने और 2.38 करोड़ विशिष्ट मंडियाें के निर्माण के लिए खर्च न करने पर नाराजगी जताई और इसे शीघ्र व्यय करने के निर्देश दिए।
जलनिगम के पास 7.58 करोड़ की धनराशि लंबित होने पर डीएम ने कहा कि ये स्थिति सही नहीं है। डीएम ने अधिशाषी अभियंता जलनिगम को बक्छा, गुसियारी आदि गांवाें में मीठा पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ अवधेश बहादुर सिंह के अलावा जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।