संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। गुरुवार को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के बैनर तले सैकडों कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एडीएम न्यायिक को सौंपा है। उन्होंने करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष की नृशंस हत्या करने वाले हत्यारों व साजिशकर्ताओं को फांसी दिए जाने की मांग की है।
क्षत्रिय महासभा ने दिए ज्ञापन में बताया कि पिछले पांच दिसंबर को जयपुर में करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की उनके आवास पर कुछ हत्यारों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिससे क्षत्रिय समाज सहित सर्वसमाज पर रोष व्याप्त है जबकि अभी तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जिससे सर्वसमाज के लोग हत्यारों सहित घटना में शामिल साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार कर फांसी की सजा दिलाए जाने की मांग कर रहे हैं।
कहा कि शासन प्रशासन अगर जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं करता तो लोगों की भावनाओं को संभालना मुश्किल होगा। जिससे वह लोग उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। जिसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। इस मौके पर करणी सेना जिलाध्यक्ष अंकित सिंह, क्षत्रिय समाज सेवा समिति अध्यक्ष उदयभान सिंह, नगर अध्यक्ष कुलदीप निषाद, दीपक मिश्रा सहित सैकडों लोग मौजूद रहे।