संवाद न्यूज एजेंसी
मौदहा (हमीरपुर)। बीते बुधवार से गायब हुए किशोर का शव जंगल में बबूल के पेड़ पर लटका हुआ मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है जबकि मृतक की गुमशुदगी सिसोलर थाने में दर्ज है।
सिसोलर थानाक्षेत्र के परेहटा गांव निवासी संदीप उर्फ छोटू (14) पुत्र कल्लू यादव का शव गुरुवार को जंगल में खेतों की मेड़ पर लगे बबूल के पेड़ पर लटका मिलने से हड़कंप मच गया। जिसका शव लोवर के फंदे से लटका हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतक के पिता कल्लू यादव ने बताया कि उनका पुत्र बीती शाम करीब चार बजे खेतों से बकरियां लेने आया था।
जब वह नहीं आया तो वह स्वयं चारा लेकर घर आ गए, लेकिन उनका पुत्र शाम तक घर नहीं पहुंचा तो पड़ोसियों के साथ उसकी तलाश करते रहे। जब कुछ जानकारी नहीं मिली तो थाने जाकर गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी। उसके बाद गुरुवार सुबह उसके मौत की जानकारी मिली है। मृतक दो भाईयों में सबसे छोटा था जबकि पिता खेती बाड़ी व पशुपालन का कार्य करता है। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। क्योंकि इनके परिवार का किसी से कोई विवाद नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।