फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur News: गेहूं बोआई के बीच डीएपी का संकट, किसान 1800 रुपये में खरीद रहे बोरी

विज्ञापन
विज्ञापन
भरुआ सुमेरपुर। गेहूं की बोआई के पीक सीजन में सहकारी समितियों से लेकर बाजार तक डीएपी खाद का संकट गहरा गया है। पिछले एक पखवाड़े से सहकारी समितियों में डीएपी उपलब्ध नहीं है। बाजार में भी खाद की किल्लत के चलते किसानों को भटकना पड़ रहा है। जहां खाद मिल भी रही है वहां निर्धारित मूल्य से अधिक दाम वसूले जा रहे हैं। मजबूरी में किसान 1350 रुपये की डीएपी की बोरी 1800 रुपये में खरीदकर गेहूं की बोआई करने को विवश हैं।
विज्ञापन


गेहूं की बोआई का प्रमुख समय 15 से 30 नवंबर तक माना जाता है। अधिकांश किसान इसी अवधि में बोआई करते हैं। बोआई के दौरान डीएपी के इस्तेमाल से इसकी मांग बढ़ गई है लेकिन समय पर आपूर्ति न होने से किसानों के सामने संकट खड़ा हो गया है। सहकारी समितियों के साथ पीसीएफ किसान सेवा केंद्र और क्रय-विक्रय सहकारी समिति में भी डीएपी उपलब्ध नहीं है।

विदोखर पुरई के किसान मानसिंह भदौरिया ने बताया कि वह पिछले 15 दिनों से समितियों के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन खाद नहीं मिल रही। मजबूरी में बाजार से 1800 रुपये प्रति बोरी डीएपी खरीदनी पड़ रही है। सरकार ने डीएपी की एक बोरी का मूल्य 1350 रुपये निर्धारित किया है लेकिन बाजार में कहीं भी इस कीमत पर खाद नहीं मिल रही।
विज्ञापन


इसी गांव के किसान सुरेश यादव ने बताया कि वह पीसीएफ किसान सेवा केंद्र और क्रय-विक्रय सहकारी समिति में दस दिनों से खाद के लिए चक्कर लगा रहे थे। खाद न मिलने पर शनिवार को बाजार से 1800 रुपये में बोरी खरीदकर गेहूं की बोआई शुरू की।

पलरा के किसान कालका यादव ने बताया कि वह भी 10 दिनों से डीएपी के लिए भटक रहे हैं। आखिरकार मजबूरी में बाजार से महंगे दामों पर खाद खरीदनी पड़ी।

क्रय-विक्रय सहकारी समिति के सचिव शुभम त्रिपाठी ने बताया कि डीएपी की मांग भेजी गई है। एक-दो दिन में खाद की रैक लगने की उम्मीद है। रैक आते ही सभी केंद्रों पर डीएपी उपलब्ध करा दी जाएगी। वहीं पीसीएफ किसान सेवा केंद्र के प्रभारी शिव सिंह ने बताया कि डीएपी की रैक आने वाली है। रैक लगते ही सभी समितियों में वितरण के लिए खाद उपलब्ध हो जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें